सदर विधायक रवि शर्मा ने ये प्रस्ताव नगर निगम की बैठक में रखा, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया।
झांसी के ऐतिहासिक महारानी लक्ष्मीबाई के किले की तलहटी में स्थित मैदान का नाम अब ‘जनरल बिपिन रावत’ ग्राउंड होगा। शनिवार को नगर निगम सदन की बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। 19 नवंबर को झांसी आए जनरल रावत ने इसी मैदान से सेना के कार्यक्रम को संबोधित किया था।
भारतीय सेना की ओर से रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर 19 नवंबर को राष्ट्र रक्षा समर्पण पर्व का आयोजन किया गया था, जिसमें शामिल होने प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री के साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत भी झांसी आए थे। यहां कार्यक्रम का आयोजन किले के मैदान में हुआ था, जिसकी शुरुआत जनरल रावत के संबोधन से हुई थी।
अपने 3.24 मिनट के संबोधन में जनरल रावत ने रानी की गौरवगाथा को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया था। इस दौरान उन्होंने रानी के सम्मान में कविता ‘खूब लड़ी मर्दानी...’ की कुछ पंक्तियां भी सुनाई थीं। पिछले दिनों हेलिकाप्टर दुर्घटना में हुई उनकी मौत के बाद झांसी में भी शोक की लहर है।
जनरल को झांसी की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए सदर विधायक रवि शर्मा ने शनिवार को नगर निगम सदन की बैठक में लक्ष्मीबाई के किले के मैदान का नाम जनरल रावत के नाम पर रखे जाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन में सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई।