Russia Ukraine War Update: युद्ध के बीच रूस ने किया सरमट मिसाइल का सफल परीक्षण
रूस-यूक्रेन के बीच जंग का आज 56वां दिन है। दोनों देश एक दूसरे के सामने झुकने के लिए तैयार नहीं है। रूसी सेना आए दिन जहां और भी अधिक हमलावर होती जा रही है वहीं यूक्रेनी सेना अमेरिका और अन्य बड़े देशों की मदद से युद्ध में डटकर खड़ी है।
इस बीच अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने जानकारी दी है कि अमेरिका यूक्रेन को एक और सैन्य सहायता पैकेज मुहैया कराएगी।
2022 में जीडीपी का 86 फीसदी हो जाएगा यूक्रेन पर कर्ज
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने अनुमान व्यक्त किया है कि साल 2022 में यूक्रेन का कर्ज इसकी जीडीपी के 86 फीसदी तक पहुंच जाएगा। आईएमएफ ने कहा कि देश के बजट में भी 17.8 फीसदी कमी आने की संभावना है। साल 2021 में यूक्रेन की सरकार का कर्ज देश की जीडीपी का 49 फीसदी था।
'रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर भारत पर भारी दबाव रहा'
रूस के एक राजनयिक ने कहा है कि यूक्रेन के खिलाफ हमारे सैन्य अभियान को लेकर पश्चिमी देशों के रूस के खिलाफ भूराजनीतिक खेल में उनकी ओर से भारत पर भारी दबाव डाला गया है।
व्लादिमीर पुतिन ने दी दुश्मनों को चेतावनी
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस ने सरमट इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइलों का सफल परीक्षण किया है। उन्होंने कहा कि यह क्रेमलिन के दुश्मनों को (कोई रूस विरोधी कदम उठाने से पहले) दो बार सोचने के लिए मजबूर करेगा।